AI ने चुरा लिए मेरे पसंदीदा लेखन औज़ार

एक लेखिका का इक़बालिया बयान, जिसे अब ख़ुद पर ही शक है।

मैं इतने बरसों से लिख रही हूँ कि मुझे वो ज़माना याद है जब आपके अधूरे वाक्य सिर्फ़ आपकी माँ पूरे करती थीं। मेरे औज़ार मेरे अपने हैं। अभ्यास से उन्हें धार दी, कुछ मुझसे बेहतर लेखकों से प्रेरणा लेकर अपनाए, और उनका इस्तेमाल उस शांत गर्व के साथ किया जो मेहनत से कमाई चीज़ों पर होता है।

फिर जनरेटिव AI हर किसी की पहुँच में आ गया, और उसने मेरे पसंदीदा औज़ार ख़ुद ही उठा लिए, ठीक वैसे जैसे मेहमान आपके अच्छे वाले तौलिये उठा लेते हैं और फिर उन्हें गीला करके बाथरूम के फ़र्श पर छोड़ जाते हैं।

बेतुकी बात यह है कि जब मैं कोई ऐसी रचना पढ़ती हूँ जो साफ़ तौर पर किसी चैटबॉट ने लिखी हो, तो मैं ठीक इन्हीं चीज़ों को ढूँढती हूँ। जासूस मैं हूँ। और लगता है, संदिग्ध भी मैं ही हूँ।

1. एम डैश

एम डैश मुझे इसलिए प्यारा था क्योंकि वह बेहद काम का था। उसकी मदद से मैं एक वाक्य लिखकर उसमें कुछ और जोड़ सकती थी — कोई उदाहरण, कोई ब्योरा, वह बात जिसकी पाठक को ज़रूरत थी — बिना दोबारा शुरू किए। घर का सबसे मेहनती उपवाक्य वही था।

अब मैं अपनी पांडुलिपियों से उन्हें एक एक करके उखाड़ रही हूँ, किसी खुन्नस पाले दाँतों के डॉक्टर की तरह, और उनकी जगह अल्पविराम लगा रही हूँ। अल्पविराम ठीक हैं। अल्पविराम विराम चिह्नों का बेज रंग का कार्डिगन हैं। अल्पविराम के लिए आज तक कोई नहीं रोया।

2. तीन का नियम

जूलियस सीज़र के "आया, देखा, जीत लिया" के ज़माने से लेखक तिकड़ी का इस्तेमाल करते आए हैं। तीन चुटकुलों की लय है, प्रवचनों की, और इतिहास की हर ढंग की आख़िरी पंक्ति की। इसी से मैं अपनी बात पर ज़ोर देती थी, या उसे नज़ाकत से कहती थी। इंसानी कान को यह भाता है, और इंसानी कान यहाँ पहले से था।

अब जब मैं तीन चीज़ों की सूची पूरी करती हूँ, तो अपराधबोध होता है, जैसे किसी और के कपड़े पहने पकड़ी गई हूँ। तो मैं दो ही चीज़ें गिनाती हूँ, और वाक्य कमरे से ऐसे लँगड़ाता हुआ निकलता है जैसे उसकी एक चप्पल कहीं खो गई हो।

3. यह नहीं, बल्कि वह

यह मेरा सबसे प्यारा औज़ार था। इसलिए नहीं कि यह चतुर था, बल्कि इसलिए कि यह काम करता था। आप पहले ज़ाहिर सी बात खड़ी करते हैं, उसे गिराते हैं, और उसकी जगह ज़्यादा सच्ची बात खड़ी कर देते हैं। हर बार जब मैं ऐसा कोई अच्छा वाक्य लिखती, तो मन ही मन गर्व होता, जैसे पहली ही कोशिश में गाड़ी पैरेलल पार्क कर दी हो।

फिर मशीनों के हाथ यह लग गया और उन्होंने इसे ऐसे घिस डाला जैसे कोई छोटा बच्चा कार में अपना पसंदीदा गाना बार बार बजवाकर घिस डालता है, तब तक, जब तक आप सचमुच गाड़ी समंदर में उतार देने की नहीं सोचने लगते।

यह अब भी काम करता है। यही तो त्रासदी है। मैं इससे इसलिए नहीं बचती कि इसका असर ख़त्म हो गया है। मैं इससे इसलिए बचती हूँ क्योंकि अब यह AI लेखन की सबसे पक्की निशानियों में से एक है।

4. Delve

मैं “delve” किया करती थी। अक्सर नहीं। मैंने इसमें कभी लापरवाही नहीं बरती। “Delve” से मैं पाठक को बताती थी कि अब हम किसी ऐसी चीज़ की गहराई में उतरने वाले हैं जो इस सफ़र के लायक़ है। अब “delve” रोबोटों का हो गया है, और उसके साथ tapestry, testament और landscape भी, ऐसे शब्द जिन्होंने कुछ ग़लत नहीं किया और अब गवाह सुरक्षा कार्यक्रम में हैं। अगर आपको कहीं “delve” दिखे, तो उसे या तो किसी रोबोट ने लिखा है या चालीस पार की किसी ऐसी औरत ने जिसके पास थिसॉरस है, और कोई यह जाँच नहीं रहा कि किसने।

मेरी हद कहाँ है

अगर आप जनरेटिव AI के हर किसी की पहुँच में आने से पहले लेखक थे, और अब उसे किसी अल्पविराम की जाँच के लिए या ज़बान की नोक पर अटके शब्द को ढूँढने के लिए औज़ार की तरह इस्तेमाल करते हैं, तो यह समझ में आता है। जो बढ़ई ड्रिल मशीन ख़रीद ले, वह बढ़ई ही रहता है। आपको अब भी पता है कि अलमारी कैसी दिखनी चाहिए।

मुझे दिक़्क़त उनसे है जो इसकी वजह से लेखक बन गए। वे लोग जिन्होंने 2023 में खोज निकाला कि वे एक ऐसे ड्रैगन पर 80,000 शब्द तैयार कर सकते हैं जो वेंचर कैपिटलिस्ट भी है, और तिमाही ख़त्म होते होते Amazon पर उनकी चौदह किताबें आ चुकी थीं। उन्होंने न बरसों का अभ्यास किया, न वे ड्राफ़्ट झेले जो क़ाबू में आने से इनकार करते थे, न यह धीमा सबक़ सीखा कि एक वाक्य कितना बोझ उठा सकता है। और उन्हीं की वजह से हम बाक़ी लोग अपने वाक्यों को किसी अपराध स्थल की तरह रगड़ रगड़ कर साफ़ करते हैं, ताकि कोई हमें उनमें से एक न समझ ले। हम अपने ही विराम चिह्नों का राशन कर रहे हैं।

तो, एक सवाल

आपकी लेखन यात्रा कब शुरू हुई?

अगर जवाब नवंबर 2022 के बाद का है, तो शायद अपनी असली नौकरी पर लौटने के बारे में सोचिए, और लिखना OG लेखकों पर छोड़ दीजिए।

हम उन वाक्यों को दोबारा लिखने में व्यस्त हैं जिनसे हम पूरी तरह ख़ुश थे।

पुनश्च: हाँ, चार औज़ार, तीन नहीं। इसलिए नहीं कि मुझे डर था कि आप सोचेंगे यह किसी मशीन ने लिखा है, बल्कि इसलिए कि वे चार थे — और इसमें और “delve” करने की कोई ज़रूरत नहीं। क्या करूँ, आदत से मजबूर हूँ।

यह लेख अंग्रेज़ी में पढ़ें - https://manisha2380.substack.com/p/ai-stole-my-favourite-writing-tools

Next
Next

The Market on Tilak Road